हिसार में चाकू से गोदकर युवक की हत्या, एक गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
हिसार में चाकू से गोदकर युवक की हत्या, एक गंभीर


हिसार में चाकू से गोदकर युवक की हत्या, एक गंभीर


गाड़ी धोने गए दो दोस्तों पर तीन बाइक सवारों का हमला

घायल ने कहा- हमारी किसी से कोई रंजिश नहीं

हिसार, 04 जुलाई (हि.स.)। जिले के बरवाला क्षेत्र में गैबीपुर नहर के पास तीन

बाइक सवार युवकों ने दो दोस्तों पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में गांव बुढ़ाखेड़ा

निवासी 25 वर्षीय विष्णु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 23 वर्षीय दोस्त गांव

बुढ़ाखेड़ा निवासी पारस गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल का बरवाला के एक निजी अस्पताल

में उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बरवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और

जांच शुरू कर दी। बरवाला डीएसपी सुमित कुमार भी मौके पर पहुंचे।

अस्पताल में उपचाराधीन पारस ने बताया कि शनिवार दोपहर बाद वह अपने दोस्त विष्णु

के साथ गैबीपुर नहर पर गाड़ी धोने गया था। वहां कुछ लोग पहले से मौजूद थे। इसी दौरान

एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए और विष्णु को यह कहते हुए अपने साथ बुला ले गए कि

उन्हें उससे कुछ बात करनी है। कुछ ही देर बाद तीनों ने अचानक उस पर चाकुओं से हमला

कर दिया। पारस के अनुसार पहले उसकी गर्दन और फिर छाती पर वार किए गए। वह जान बचाने

के लिए भागा तो हमलावर उसके पीछे दौड़े। इसके बाद आरोपियों ने विष्णु पर भी कई वार

कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पारस ने बताया कि वह गाड़ी चलाता है और दोस्ती के नाते विष्णु के साथ आया था।

उसका कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। उसने आरोप लगाया कि हमलावरों में

प्रभुवाला गांव का रवि नामक युवक भी शामिल था। पारस ने यह भी दावा किया कि इससे पहले

भी उस पर हमला हो चुका है और उसने पुलिस की 112 हेल्पलाइन पर सूचना दी थी, लेकिन उस

मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

मृतक विष्णु खेती-बाड़ी के साथ-साथ गाड़ी चलाने का कार्य करता था। वह अपने

पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है

और गांव में भी मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू

कर दी है। फिलहाल हत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story