सिरसा: नशे के सौदागर या तो धंधा छोड़ दें या हरियाणा: सीएम

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: नशे के सौदागर या तो धंधा छोड़ दें या हरियाणा: सीएम


सिरसा: नशे के सौदागर या तो धंधा छोड़ दें या हरियाणा: सीएम


सिरसा, 22 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प हरियाणा की युवा शक्ति को नशे के चंगुल से बचाकर उसे खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जोडऩा है। नशे के सौदागरों के प्रति सरकार की नीति पूरी तरह कठोर है, जबकि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ काम किया जा रहा है। नशे का कारोबार करने वाले या तो यह धंधा छोड़ दें या हरियाणा छोड़ दें, प्रदेश की धरती पर उनके लिए कोई जगह नहीं है। सीएम नायब सिंह सैनी रविवार को सिरसा जिले के कालांवाली में नशे के खिलाफ आयोजित की गई यूथ मैराथन में युवाओं को संबांधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैराथन जीवन का भी एक बड़ा सबक सिखाती है। लंबी दौड़ केवल तेज दौडऩे से नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और सही दिशा बनाए रखने से जीती जाती है। जीवन भी एक मैराथन है और नशे का रास्ता कुछ समय का आकर्षण दिखाकर अंतत: इंसान को उसके परिवार, सपनों और भविष्य से दूर कर देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नशे के दुष्प्रभावों को समझाते हुए युवाओं को इससे दूर रहने का संदेश दिया है। युवाओं को कुछ समय का नशा नहीं, बल्कि पूरी जिंदगी की उड़ान चाहिए।

उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है। इससे मां की उम्मीदें टूटती हैं, पिता के सपने बिखरते हैं और परिवार का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने माता-पिता से अपील की कि वे बच्चों के साथ संवाद बनाए रखें। उनके व्यवहार में बदलाव दिखाई दे तो डांटने से पहले उनकी बात सुनें। स्कूल और कॉलेज भी पढ़ाई के साथ-साथ चरित्र निर्माण और विद्यार्थियों को सही दिशा देने के केंद्र बनें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी एवं पूर्व कप्तान सरदार सिंह इस मैराथन के ब्रांड एंबेसडर के रूप में उपस्थित हैं। उन्होंने वर्ष 2008 में महज 22 वर्ष की आयु में भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी संभाली थी और वर्ष 2014 के एशियाई खेलों में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें अर्जुन पुरस्कार, पद्मश्री और मेजर ध्यानचंद खेल रत्न से सम्मानित किया गया। उनका खेल जीवन अनुशासन, मेहनत और समर्पण की प्रेरणादायक मिसाल है। मुख्यमंत्री ने मैराथन में विजेता रहे प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781520 Articles

Share this story