पानीपत में पूछताछ के दौरान थाने की दूसरी मंजिल से युवक ने लगाई छलांग, हालत नाजुक
पानीपत, 15 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत के चांदनी बाग थाने में पूछताछ के नाम पर किए गए प्रताड़ित से परेशान होकर एक युवक ने थाने की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
युवक की पत्नी ने दो पुलिसकर्मियों और परिवार के सदस्यों पर मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने इसकी शिकायत चांदनी बाग थाने में ही की है। जानकारी के अनुसार गांव ऊझा की रहने वाली अनीता ने अपनी शिकायत में बताया कि पति जितेंद्र ने पारिवारिक विवाद के चलने चांदनी बाग थाने में एक शिकायत दी थी। इस शिकायत की जांच के सिलसिले में पति के पास 13 अप्रैल को थाने से फोन आया और आने को कहा। पति थाने पहुंचे, तो वहां पहले से ही परिवार के अन्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे।
अनीता का आरोप है कि वहां मौजूद परिजनों और पुलिसकर्मियों ने पति के साथ भारी दबाव बनाना शुरू कर दिया। पुलिसकर्मी दिनेश संधु और एक भारी शरीर वाले पुलिसकर्मी ने पति की बात सुनने के बजाय उन्हें ही लगातार धमकाया और हवालात में डालने जैसी धमकियां देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। जितेंद्र की पत्नी ने कहा कि इसी दबाव के चलते पति ने थाने की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। वह नीचे खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली पर जाकर गिरा जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पत्नी ने शिकायत में पुलिसकर्मियों के साथ-साथ परिवार के सदस्य रूप चंद, सतपाल, रामरती, विकास और मोनू के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इन सभी ने मिलकर पति को आत्महत्या के लिए मजबूर किया है।
थाना चांदनीबाग प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है। जितेंद्र की पत्नी अनीता ने दो पुलिसकर्मियों पर और अपने ससुराल वालों पर पति को प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि इन्हीं से परेशान होकर जितेंद्र थाने की छत से कूदा। उन्होंने आगे कहा कि शिकायत मिलते ही मैंने खुद मामले की जांच की। शुरुआती जांच में सामने आया कि ये शिकायत किसी वकील के बहकावे में आकर दी गई है। अब वे इन आरोपों को भी नकार रहे हैं। वह अपने पारिवारिक विवाद के चलते ही थाने की छत से कूदा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

