पुलिस भर्ती में पीएसटी देते युवक को हार्ट अटैक से हुई मौत

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 02 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल भर्तियों के लिए पंचकूला में आयोजित की जा रही शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीएसटी) के दौरान एक युवक की ट्रैक पर गिरकर मौत हो गई। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। मृतक की पहचान महेंद्रगढ़ जिले के मंडी अटेली क्षेत्र के गांव सैदपुर निवासी 27 वर्षीय कपिल के रूप में हुई।

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा 5500 कांस्टेबल पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। पुरुष अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत 12 मिनट में 2.5 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होती है। भर्ती प्रक्रिया के पहले ही दिन हिसार के एक अभ्यर्थी का दौड़ के दौरान पैर टूट गया था।

पुलिस के अनुसार, बुधवार को शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की रेस कराई गई। इसी रेस में कपिल भी सेलेक्ट हुआ था। उसने ढाई किलोमीटर रेस का पहला राउंड तो पूरा कर लिया, जब दूसरा राउंड शुरू किया तो अचानक बेहोश होकर ट्रैक पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने उसे संभालने का प्रयास किया, लेकिन पूरी तरह बेसुध था। उसे तुरंत पंचकूला के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। देर रात चंडीगढ़ में उसे मृत घोषित कर दिया गया। कपिल की चार साल पहले शादी हुई थी। वह तीन साल की बेटी का पिता था। वर्तमान में उसकी पत्नी गर्भवती है।

पुलिस के अनुसार कपिल पुत्र हीरालाल हरियाणा पुलिस कांस्टेबल भर्ती के फिजिकल टेस्ट में शामिल होने पंचकूला पहुंचा था। वह लंबे समय से पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था और चयन को लेकर बेहद उत्साहित था। भर्ती प्रक्रिया के तहत आयोजित 2.5 किलोमीटर की दौड़ में उसने पहला राउंड सफलतापूर्वक पूरा कर लिया, लेकिन दूसरे राउंड के दौरान अचानक उसकी सांस फूलने लगी और वह ट्रैक पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तत्काल उसे सहायता देने की कोशिश की, लेकिन उसकी मौत हो गई।

पंचकूला सेक्टर-21 चौकी इंचार्ज दीदार सिंह ने बताया कि युवक की हार्ट बीट बढऩे के कारण अटैक आ गया। इसके चलते उसकी मौत हो गई। परिजनों के बयान पर इतफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story