रोहतक: पैसों के लेनदेन में युवक की पीट पीटकर हत्या

WhatsApp Channel Join Now

समरगोपालपुर के खेतों में बुलाकर की मारपीट

गंभीर हालत में छोड़कर फरार हुए हमलावर

रोहतक, 16 सितंबर (हि.स.)। महम क्षेत्र के गांव निडाना निवासी मनदीप की कथित तौर पर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात गांव समरगोपालपुर स्थित खेतों में हुई।

आरोप है कि पैसों को लेकर पहले से चले आ रहे विवाद के दौरान लक्ष्य और हन्नी ने मनदीप पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल मनदीप को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मृतक के भाई कुलदीप के बयान पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गांव निडाना निवासी मनदीप बीती शाम गांव समरगोपालपुर स्थित खेतों में गया था। वहां लक्ष्य और हन्नी पहले से मौजूद थे।

बताया गया है कि मनदीप का दोनों के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। खेतों में इसी मामले को लेकर उनके बीच बातचीत के दौरान कहासुनी हो गई और मामला बढ़ गया।

आरोप है कि कहासुनी के बाद लक्ष्य और हन्नी ने मनदीप पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर खेतों में गिर गया। इसके बाद दोनों आरोपी उसे गंभीर हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर मनदीप का भाई कुलदीप खेतों में पहुंचा। वहां मनदीप गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला।

कुलदीप उसे तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण मनदीप की जान नहीं बचाई जा सकी और उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मनदीप की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की, पुलिस ने कुलदीप के बयान दर्ज किए, जिसमें गांव के ही लक्ष्य और हन्नी पर हमला करने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब वारदात से जुड़े घटनाक्रम की जांच कर रही है। साथ ही पैसों के विवाद की वजह और घटना के समय खेतों में हुई कहासुनी के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संबंधित स्थान पर छापेमारी कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

Share this story