पानीपत: लापता युवक का शव जोहड़ में मिला

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: लापता युवक का शव जोहड़ में मिला


पानीपत, 15 जुलाई (हि.स.)। पानीपत के गांव रिसालू में श्मशान घाट के नजदीक बने एक तालाब से एक युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान सुशील कुमार के रूप में हुई है, जो एक दिन पहले ही अचानक घर से लापता हो गया था। मृतक के भाई ने शव पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए आरोप लगाया है कि सुशील की हत्या कर साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को तालाब में फेंका दिया गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतक सुशील कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से पानीपत के रिसालू रोड के नजदीक किराए के मकान में रह रहा था और यहां एक फैक्ट्री में हेल्पर का काम करता था। परिजनों ने बताया कि बीती रात वह बिना किसी को कुछ बताए अचानक घर से लापता हो गया था। देर रात तक जब सुशील वापस कमरे पर नहीं लौटा, तो परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। अगले दिन ग्रामीणों ने रिसालू गांव के श्मशान घाट के पास स्थित तालाब में एक शव को तैरते हुए देखा। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर बदहवास हालत में पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त सुशील कुमार के रूप में की। मृतक के भाई ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि सुशील के शरीर पर स्पष्ट रूप से चोटों के निशान दिखाई दे रहे हैं।

भाई का कहना है कि सुशील की किसी रंजिश के चलते हत्या की गई है और अपराध को छुपाने के लिए आरोपियों ने लाश को श्मशान घाट के पास तालाब में फेंक दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story