पानीपत: बिजली के टावर में करंट से युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: बिजली के टावर में करंट से युवक की मौत


पानीपत, 16 जुलाई (हि.स.)। पानीपत रिफाइनरी के पास बिजली के टावर पर काम करते समय करंट की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान करनाल निवासी 19 वर्षीय मोहित के रूप में हुई है। परिजनों ने ठेकेदार और बिजली निगम के कर्मचारियों पर लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, मृतक मोहित पिछले करीब छह महीने से ठेकेदार बल्लेराम के पास टावर पर बिजली का काम कर रहा था। बुधवार को रिफाइनरी के पास स्थित एक साइट पर टावर का काम चल रहा था। परिजनों ने आरोप लगाया कि लाइन में हाई-वोल्टेज करंट दौड़ रहा था, लेकिन ठेकेदार और वहां मौजूद अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों ने बिजली विभाग को बोलकर बिजली आपूर्ति बंद नहीं करवाई। इसी लापरवाही के चलते जैसे ही मोहित टावर पर ऊपर पहुंचा, वह हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया और झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए विदेश जाना चाहता था।

परिजनों ने बताया कि मोहित की विदेश जाने की पूरी फाइल तैयार हो चुकी थी और आगामी 10 दिनों के भीतर ही उसके सभी जरूरी दस्तावेजों की फाइनल वेरिफिकेशन होनी थी, लेकिन उसकी फाइल पूरी होने से पहले ही ठेकेदार की लापरवाही ने उसकी जान ले ली। पुलिस को हादसे की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पानीपत के सिविल अस्पताल भिजवाया दिया।

मृतक के परिजनों ने ठेकेदार पर सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर बिना शटडाउन काम कराने का आरोप लगाया है और उन्होंने मांग की है कि ठेकेदार बल्लेराम और संबंधित बिजली निगम के दोषी कर्मचारियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए।

पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है व गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story