कैथल: कार की टक्कर से 12वीं के छात्र की मौत

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 08 सितंबर (हि.स.)। ढांड रोड पर सोमवार शाम हुए सड़क हादसे में करीब 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ सेक्टर-19 मार्केट में आइसक्रीम खाने के लिए जा रहा था। इसी दौरान सड़क पार करते हुए शहर की ओर से आ रही एक कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान अमरगढ़ गामड़ी निवासी राजीव के रूप में हुई है। वह 12वीं कक्षा में पढ़ रहा था। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।मृतक के पिता सुमित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि राजीव अपने दोस्तों के साथ सेक्टर-19 मार्केट में आइसक्रीम खाने की बात कहकर घर से निकला था। ढांड रोड पर पहुंचने के बाद जब वह सड़क पार कर रहा था, तभी शहर की तरफ से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी। परिजनों के अनुसार राजीव परिवार का इकलौता बेटा था। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story