हिसार : युवा कांग्रेस का भाजपा कार्यालय पर हल्ला बोल : भारत सोनी
हिसार, 19 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की जन विरोधी नीतियों के विरोध
में युवा कांग्रेस की ओर से भाजपा के स्थानीय कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया।
यह प्रदर्शन हिसार युवा कांग्रेस अध्यक्ष भारत सोनी के नेतृत्व में राहुल गांधी एवं
सोनिया गांधी के खिलाफ ईडी द्वारा दर्ज किए गए मामले को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा खारिज
किए जाने तथा केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना का नाम बदलने की कोशिशों के विरोध में
किया गया।
प्रदर्शन में हरियाणा यूथ कांग्रेस की प्रभारी मिमांक्षा आर्या भी विशेष रुप
से उपस्थित रहीं। उन्होंने शुक्रवार काे कहा कि भाजपा सरकार लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग
कर रही है। सुप्रीम कोर्ट का निर्णय यह साबित करता है कि कांग्रेस नेतृत्व निर्दोष
है। मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर करने या उसका नाम बदलने की कोशिश गरीबों
के साथ अन्याय है। युवा कांग्रेस पूरे देश में इसके खिलाफ सड़कों पर उतरकर संघर्ष करती
रहेगी।
युवा जिला अध्यक्ष भारत सोनी ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का फैसला इस बात
का प्रमाण है कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ ईडी के माध्यम से की गई कार्रवाई
पूरी तरह से राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित थी। भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज को
दबाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है, लेकिन सत्य और संविधान की
हमेशा जीत होती है। मनरेगा करोड़ों गरीबों की जीवनरेखा है, इसका नाम बदलने की कोशिश
जनता के अधिकारों पर हमला है, जिसे युवा कांग्रेस कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
इस प्रदर्शन में हरियाणा युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित शर्मा, प्रदेश
महासचिव अमन ढिल्लो, शहरी जिला अध्यक्ष विकास ढांडा, ग्रामीण जिला अध्यक्ष सोविन भाटला,
ब्लॉक अध्यक्ष रोहन अरोड़ा, ब्लॉक अध्यक्ष हरमिंदर सैनी सहित पार्थम, साहिल लाडवाल,
हिमांशु सैनी, दीप गोदारा, दिनेश जांगड़ा, रोहित कसाना, राहुल, हितेश बंसल, अजय, रिंकू
आदि अनेक युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

