सोनीपत:रेत खनन विवाद में युवक पर हमला
सोनीपत, 08 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत के बहालगढ़ थाना क्षेत्र के गांव पलड़ा में रेत खनन
विवाद को लेकर एक युवक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कॉर्पियो
और स्विफ्ट कार में सवार युवकों ने पहले उसकी कार को टक्कर मारकर रोका और फिर बाइक
सवार युवकों के साथ मिलकर डंडों, सरियों और बिट्टों से हमला कर दिया। आरोपी युवक को
अपने साथ गढ़ मिरकपुर स्थित रेत की खान पर भी ले गए और वहां मारपीट की। परिजनों के
पहुंचने पर आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने 10-12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के गांव मुकंदपुर निवासी
सूरज ने पुलिस को बताया कि वह परिवार के साथ गांव पलड़ा में काला के मकान में किराये
पर रहता है। उसकी दोस्ती नंगल कलां निवासी प्रवींद्र के साथ है। प्रवींद्र के गढ़ मिरकपुर
स्थित यमुना रेत खनन साइट पर हाईवा चलते हैं। प्रवींद्र ने उसे खान पर चल रहे विवाद
के बारे में बताया था। इसके बाद वह उसकी बलेनो कार में तीन-चार अन्य युवकों के साथ
वहां गया था।
सूरज के अनुसार, खान पर प्रवींद्र और हरीश के बीच बातचीत के
दौरान कहासुनी हुई थी, लेकिन वहां मारपीट नहीं हुई। इसके बाद वह प्रवींद्र को गढ़ मिरकपुर
स्थित स्टोर पर छोड़कर अपनी कार से पलड़ा लौट रहा था। जब वह गांव में बलवान पूर्व सरपंच
के प्लाट के पास पहुंचा तो सामने से आई स्कॉर्पियो ने उसकी कार को टक्कर मारकर रोक
लिया। पीछे से स्विफ्ट कार भी आ गई। दोनों गाड़ियों से युवक डंडे, सरिये और बिट्टे
लेकर उतरे। इसी दौरान दो-तीन बाइकों पर भी युवक पहुंच गए।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि हरीश निवासी बसोदी, निशु निवासी
बसोदी, रेत खनन साइट के ठेकेदार हर्षित सहित करीब 10-12 युवकों ने उसकी कार पर हमला
कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया और उसके साथ मारपीट की। आरोपी उससे प्रवींद्र के बारे में
पूछने लगे। इसके बाद उसे गाड़ी में बैठाकर दोबारा रेत की खान पर ले गए, जहां फिर पीटा
गया। परिजन और दोस्त तलाश करते हुए वहां पहुंचे तो आरोपी उसे छोड़कर भाग गए। सूरज ने
आरोप लगाया कि आरोपी उसका मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार, निजी अस्पताल से सूचना मिली थी कि झगड़े
में घायल सूरज भर्ती है। पुलिस अस्पताल पहुंची तो वह आईसीयू में था। चिकित्सक ने मेडिकल
रिपोर्ट में सभी चोटें किसी कठोर वस्तु से लगी बताईं और उसे बयान देने के लिए अनफिट
घोषित किया था। बाद में शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बहालगढ़ थाना में मुकदमा
नंबर 324 दर्ज किया गया। मामले की जांच एएसआई सुरजीत कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

