सोनीपत: मंदिर से लौट रहे युवक को अगवा कर खेत में पीटा, मां भी घायल

WhatsApp Channel Join Now


सोनीपत, 23 सितंबर (हि.स.)। सोनीपत के सांदल खुर्द

गांव में 21 सितंबर की रात मंदिर से लौट रहे युवक को रास्ते से अगवा कर मारपीट करने

का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक को गाड़ी में जबरन बैठाकर मंदिर परिसर और बाद

में खेतों में ले जाया गया, जहां लाठी-डंडों और लोहे के तार से हमला किया गया। बेटे

को बचाने पहुंची मां के साथ भी मारपीट की गई।

पुलिस ने मंगलवार को मामला दर्ज कर जांच

शुरू कर दी है। सांदल खुर्द निवासी राहुल

रात को मंदिर गया था। लौटते समय आरोपी राजू ने फोन कर उसकी लोकेशन पूछी। इसके बाद गाड़ी

से रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की और जबरन गाड़ी में बैठाकर मंदिर ले गया। वहां भी

राहुल को पीटा गया। आरोप है कि खेत में लगी कंटीली तार उखाड़कर उससे भी हमला किया गया।

राहुल के शोर मचाने पर

उसके पिता हरिमोहन और मां सीमा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बेटे को छुड़ाने का प्रयास

किया तो आरोपी ने सीमा पर भी हमला कर दिया। मारपीट में सीमा की नाक और दांत पर गंभीर

चोटें आईं। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी भाग गया। आरोप है कि जाते समय उसने

बाहर से लोगों को बुलाकर परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस के अनुसार राहुल

और सीमा का नागरिक अस्पताल में उपचार कराया गया। चिकित्सकीय रिपोर्ट में राहुल के शरीर

पर नौ और सीमा के शरीर पर चार चोटें दर्ज हैं। चिकित्सकों द्वारा बयान देने योग्य बताए

जाने के बाद बड़ी औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ

मंगलवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Share this story