अपने परिवार की तरह ही देश को भी दें सर्वोच्च प्राथमिकता:हरविन्द्र कल्याण
विधानसभा में हुए युवा संवाद में 14 राज्यों के 90 युवाओं ने लिया भाग
चंडीगढ़, 31 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा विधान सभा में शुक्रवार को महिला सशक्तीकरण विषय पर केंद्रित युवा संवाद का आयोजन किया गया। शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में देश के 14 से अधिक राज्यों से आए करीब 90 युवा प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हरियाणा विधान सभा और स्वयंसेवी संस्था 'राजधानी युवा संसद', नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित इस संवाद का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्र निर्माण और महिला सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपने व्यक्तिगत और पारिवारिक हितों के साथ-साथ देशहित को भी समान प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार प्रत्येक व्यक्ति अपने और अपने परिवार के भविष्य के लिए योजनाएं बनाता है, उसी प्रकार राष्ट्र के विकास और प्रगति के बारे में भी गंभीरता से सोचना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
विधान सभा अध्यक्ष ने प्रतिभागियों को कैपिटल कॉम्पलेक्स और हरियाणा विधान सभा के इतिहास से परिचित करवाते हुए संसदीय लोकतंत्र में विधायिका की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 6 मार्च, 1961 को पहली बार कैपिटल कॉम्पलेक्स स्थित इस ऐतिहासिक विधान भवन में सदन की बैठक आयोजित हुई। उन्होंने कहा कि यह भवन अनेक ऐतिहासिक निर्णयों, दूरदर्शी नीतियों और महान नेताओं के विचार-विमर्श का साक्षी रहा है।
विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय संस्कृति में आदिकाल से मातृशक्ति को सर्वोच्च सम्मान दिया गया है। जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर विस अध्यक्ष कल्याण ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता के हाथों में निहित है। जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि जितने अधिक जागरूक, उत्तरदायी और संवेदनशील होंगे, लोकतांत्रिक व्यवस्था उतनी ही सुदृढ़ होगी।
विषय प्रस्तुति के आधार पर प्रथम स्थान पर मनस्वी, द्वितीय स्थान पर तनिक, तृतीय स्थान पर ओसीन शर्मा तथा चौथे स्थान पर भूमिका त्यागी रही। कार्यक्रम में राजधानी युवा संसद की सह-संस्थापक अधिवक्ता ईशा कपूर तथा सह-संस्थापक अधिवक्ता जय सैनी समेत अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

