जींद में हेरोइन सहित करनाल का नशा तस्कर गिरफ्तार
जींद, 09 जून (हि.स.)। जिला पुलिस ने अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभिान के तहत हेरोइन तथा अवैध असलहा के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। संबंधित थाना पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है। सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सीआईए नरवाना की एक टीम मेला मंडी नरवाना के पास मौजूद थी। तभी सूचना मिली कि गांव पोपडा (करनाल) निवासी अशोक जो नशा तस्करी का धंधा करता है और इस समय बडनपुर टी प्वायंट पर हेरोइन सप्लाई करने की फिराक में खड़ा है।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने उच्च अधिकारियों को सूचित किया व तत्परता से कारवाई करते हुए छापेमारी कर अशोक को काबू कर लिया। अशोक की तलाशी लेेने पर उसके कब्जे से हैरोइन बरामद हुई। जिसका वजन 11.11 ग्राम पाया गया। पुलिस ने अशोक के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनिय मके तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस सहित आरोपी गिरफ्तार
डिटेक्टिव स्टाफ जींद के इंचार्ज निरीक्षक मनीष कुमार ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि उनकी टीम रामराये बस अड्डा के निकट गश्त कर रही थी। तभी सूचना मिली कि गांव गुलकनी निवासी विनोद अवैध असलहा के साथ राजपुरा भैण लिंक रोड राजपुरा भैण जा रहा है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उनकी टीम ने विनोद को काबू कर लिया। नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपित के कब्जे से एक देशी पिस्तौल 32 बोर तथा दो जिंदा कारतूस 32 बोर बरामद हुए। आरोपित से हथियार रखने संबंधी लाइसेंस परमिट मांगा गया लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने विनोद के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

