हिसार : पटाखे जलाने पर विवाद, चाकू घोंपकर युवक की हत्या, बचाने आए दोस्त को भी किया लहूलुहान

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : पटाखे जलाने पर विवाद, चाकू घोंपकर युवक की हत्या, बचाने आए दोस्त को भी किया लहूलुहान


बरवाला में दीपावली की रात पांच युवकों ने दिया वारदात को अंजाम, हमलावरों

की पहचान में जुटी पुलिस

हिसार, 09 नवंबर (हि.स.)। जिले के कस्बे बरवाला में दीपावली की रात पटाखे जलाने

को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। होटल में हुए झगड़े के दौरान

पांच युवकों ने गांव मतलौडा निवासी 25 वर्षीय मंदीप पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी

हत्या कर दी। दोस्त को बचाने के लिए आगे आए नसीब पर भी हमलावरों ने चाकू से हमला कर

दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

तीसरा साथी सचिन इस हमले में बाल-बाल बच

गया। वारदात के बाद पांचों आरोपी मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, मंदीप, नसीब और सचिन दीपावली की रात बरवाला के एक होटल

में बैठे हुए थे। इसी दौरान होटल में पांच अन्य युवक भी मौजूद थे। बताया जा रहा है

कि मंदीप द्वारा पटाखे जलाने पर दूसरे पक्ष के युवकों ने आपत्ति जताई।

इसी बात को लेकर

दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों

पक्ष आमने-सामने आ गए। जब मंदीप अपने दोस्तों के साथ होटल से नीचे आने लगा तो दूसरे

पक्ष के युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। मंदीप को बचाने के लिए नसीब बीच में

आया तो हमलावरों ने उसे भी चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायलों को बरवाला के सरकारी अस्पताल

पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मंदीप को मृत घोषित कर दिया। नसीब की गंभीर हालत

को देखते हुए उसे अग्रोहा स्थित महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज-अस्पताल रेफर कर दिया

गया। तीसरे साथी सचिन को कोई चोट नहीं आई। मंदीप खेतीबाड़ी का काम करता था और परिवार

की जिम्मेदारी संभाल रहा था। वह शादीशुदा था और उसका एक बेटा है। दीपावली के त्योहार

पर हुई इस वारदात ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना की सूचना मिलते

ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की।

पुलिस होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों

की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी

है। उधर, मंदीप की मौत की खबर से गांव मतलौडा में शोक की लहर है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774432 Articles

Share this story