फतेहाबाद: कार सहित नहर में गिरा युवक, तलाश जारी
फतेहाबाद, 28 मई (हि.स.)। जिले के भूना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव बैजलपुर के पास भाखड़ा ब्रांच नहर में एक 18 साल का युवक कार समेत गिर गया। तलाशने पर कार तो नहर से मिल गई लेकिन युवक नहर के तेज बहाव में बह गया। युवक की पहचान भूना के वार्ड नंबर 13 निवासी राहुल के रूप में हुई है। राहुल हेयर सैलून में काम सीख रहा था और तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता महेंद्र सिंह मजदूरी करते हैं।
घटना शाम के वक्त हुई जब राहुल स्विफ्ट डिजायर कार लेकर निकला था। यह गाड़ी जींद में रजिस्टर्ड है। गांव बैजलपुर में सिद्धमुख और भाखड़ा दो नहरें बनी हुई हैं। इन दोनों नहरों के बीच कच्चा रास्ता है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि राहुल उसी कच्चे रास्ते पर गाड़ी मोड़ रहा था। तभी गाड़ी का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे भाखड़ा नहर में जा गिरी। पास की ढाणी में रहने वाले एक व्यक्ति ने यह पूरा हादसा अपनी आंखों से देखा। उसने तुरंत थोड़ी दूर स्थित शराब ठेके पर जाकर घटना की जानकारी दी। ठेके पर मौजूद लोगों ने तुरंत गांव में सूचना पहुंचाई, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई।
सूचना मिलते ही भूना थाना प्रभारी ओमप्रकाश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालात की गंभीरता देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया। राहुल की तलाश के लिए भूना से स्पेशल गोताखोर भी बुलाए गए और उन्हें नहर में उतारा गया। ग्रामीणों की मदद से कार को नहर से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन राहुल का पता नहीं चल सका। ग्रामीणों का कहना है कि भाखड़ा नहर करीब 20 फुट से ज्यादा गहरी है। लंबाई अधिक होने के कारण पूरी नहर पर रेलिंग नहीं लगी है।
ऐसे में तैरना न आने वाले व्यक्ति का गिरने के बाद बाहर निकलना बहुत मुश्किल हो जाता है। आशंका जताई जा रही है कि राहुल बहकर काफी आगे निकल गया होगा। मामले की सूचना सिंचाई विभाग के उच्च अधिकारियों को भी दे दी गई है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। नहर किनारे रेलिंग न होने और कच्चे रास्तों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा

