हिसार में सीवर की सफाई करते हुए दम घुटने से मजदूर की मौत
जहाज पुल चौक पर सीवरेज लाइन में उतरा था प्रवासी मजदूर
अस्पताल पहुंचने से
पहले तोड़ा दम
हिसार, 18 जुलाई (हि.स.)। शहर के जहाज पुल चौक पर सीवरेज लाइन की सफाई के दौरान
हुए दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई। उक्त प्रवासी मजदूर सीवर में सफाई के
लिए उतरा था। लगभग 18 वर्षीय प्रवासी मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में दम घुटने से
मौत के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच
शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जहाज पुल चौक पर पिछले चार-पांच दिनों से सीवरेज
व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य चल रहा था। शनिवार सुबह सफाई अभियान के दौरान उत्तर
प्रदेश के हाथरस निवासी 18 वर्षीय मेहरबान सीवरेज लाइन में उतरा था। कुछ देर बाद जब
वह बाहर नहीं निकला तो साथी मजदूरों ने उसे बाहर निकाला। उस समय वह बेहोशी की हालत
में मिला। साथी मजदूर उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों
ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक आशंका सीवर के अंदर जहरीली गैस के
कारण दम घुटने की जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम
रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
बताया जा रहा है कि मेहरबान कुछ समय पहले ही रोजी-रोटी की तलाश में हिसार आया
था और सीवरेज सफाई का कार्य कर रहा था। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में दहशत
फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर
पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों
के बयान दर्ज करने के बाद मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की
जा रही है कि सीवर सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

