फरीदाबाद से आए युवक की रेल गाड़ी की चपेट में आकर पानीपत में मौत

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद से आए युवक की रेल गाड़ी की चपेट में आकर पानीपत में मौत


पानीपत, 19 मार्च (हि.स.)। पानीपत में अपनी बहन से मिलने आए एक व्यक्ति की रेल गाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा सैनी कॉलोनी के पास रेलवे लाइन पर उस समय हुआ जब व्यक्ति रेल की पटरी पार करने की कोशिश कर रहा था।

हादसे की सूचना पाकर जीआरपी मौके पर पहुंची। मृतक युवक के शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 47 वर्षीय संदीप शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से फरीदाबाद का रहने वाला था। पुलिस जांच में सामने आया कि बुधवार की देर शाम जब यह हादसा हुआ, उस वक्त तेज बारिश हो रही थी।

संदीप एक ऑटो में बैठने के लिए उसका पीछा करते हुए जल्दबाजी में रेल की पटरियां पार कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक डाउन लिंक रेलवे ट्रैक पर आ गया, उसी समय वहां से गुजर रही एक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस को मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन और कुछ जरूरी दस्तावेज बरामद हुए, जिनके आधार पर उसकी शिनाख्त संदीप शर्मा के रूप में की गई। पुलिस ने तुरंत मृतक के परिजनों से संपर्क कर उन्हें इस घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया था। आज गुरुवार को पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story