नूंह में हाईड्रोजन गैस सिलेंडर फटने से गुब्बारे बेचने वाले की मौत
नूंह, 09 जुलाई (हि.स.)। नूंह के पुन्हाना में गुरुवार को हाईड्रोजन गैस का सिलेंडर फटने से गुब्बारे बेचने वाले युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव मामलीका निवासी मुस्ताक के रूप में हुई है। मुस्ताक गुब्बारे बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। हादसा उस समय हुआ जब मुस्ताक मोटरसाइकिल पर हाइड्रोजन गैस टंकी लेकर गांव जमालगढ़ में गुब्बारे बेचने गए थे। इसी दौरान अचानक गैस टंकी में विस्फोट हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में कुछ समय के बाद उसकी मौत हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब मुस्ताक गांव जमालगढ़ में बच्चों को गुब्बारे बेच रहा था। जैसे ही उसने गुब्बारे में गैस भरनी शुरू की, अचानक सिलेंडर फट गया। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में कुछ बच्चों को भी चोटें आई हैं।
मुस्ताक छह बेटियों का पिता था, जिसमें से एक बेटी की शादी करीब दो महीने पहले हुई थी। वह अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।
सूचना मिलने पर पुनहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अल आफिया अस्पताल, मांडीखेड़ा भिजवा दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और धमाके के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

