झज्जर : रोजगार से असंतुष्ट युवक ने अपने घर में ही की खुदकुशी
झज्जर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। शहर में एक युवक ने अपने घर में ही गले में फंदा लगाकर कर ली। उसने घर के कमरे में पंखे से लटककर जान दे दी। आत्महत्या करने से पहले युवक ने सुसाइड नोट भी छोड़ा है। नोट में युवक ने पिता को लिखा है, पापा मुझे माफ करना, मैं कामयाब नहीं हो पाया।
झज्जर के छावनी मोहल्ला निवासी कमल गुरुग्राम जिला के मानेसर की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। हालांकि, अपनी इच्छा का रोजगार न मिलने के कारण वह तनाव में रहता था। बुधवार-गुरुवार की रात उसने अपने घर में ही खुदकुशी कर ली। जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची और मौके के हालात का जायजा लिया। गुरुवार को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
शहर थाना झज्जर से मामले के जांच अधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि गुरुवार की सुबह कमल के पिता कमल को जगाने के लिए कमरे में गए थे। उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से किसी तरह का रिस्पांस नहीं मिला। खिड़की से देखा तो कमल अमृत अवस्था में पंखे से लटकता हुआ दिखाई दिया। नवीन कुमार ने बताया कि घटनास्थल से सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें कमल ने लिखा है कि मैं कामयाब नहीं हो पाया, पापा मुझे माफ कर देना। कमल के सुसाइड नोट और अन्य परिस्थितियों का आकलन करने के बाद मृतक युवक के पिता की शिकायत पर शहर थाना झज्जर में आत्महत्या का मामला दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज

