रोहतक:ऑनलाइन गेमिंग के चक्कर में फंस कर युवक बना हथियार सप्लायर

WhatsApp Channel Join Now
रोहतक:ऑनलाइन गेमिंग के चक्कर में फंस कर युवक बना हथियार सप्लायर


विदेशी हथियारों सहित पुलिस ने किया गिरफ्तार

रोहतक, 19 जून (हि.स.)। अपराध जांच शाखा की टीम ने एक युवक को विदेशी हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी विदेशी हथियारों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का काम करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने बताया कि सीआईए की टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक विदेशी हथियारों की सप्लाई कर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने शक के आधार पर युवक को काबू किया। पूछताछ पर आरोपी की पहचान जनता कालोनी निवासी कृत के रूप में हुई। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक चाइनिज हथियार और दूसरी विदेशी हथियार बरामद हुए। साथ ही आठ राउंड भी पुलिस को आरोपी के पास से बरामद हुए है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है और वह ऑनलाइन गेमिंग के चक्कर में फंस गया, जिसमें पैसे हार गया और उस पर कर्जा चढ़ गया। इस बारे में आरोपी ने अपने परिजनों को कुछ नहीं बताया और कर्जा उतारने के चक्कर में इस दौरान वह एक विदेशी ऑपरेटर के चुंगल में फंस गया।

आरोपी का काम केवल हथियारों को इधर से उधर करना था, जिसके लिए उसे एक सप्लाई के करीब एक लाख रूपये तक मिलते थे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के पास से दो विदेशी मोबाइल नंबर भी बरामद हुए है और इन्हीं नंबरों पर मैसेज आता था कि हथियार कहां से उठाने है और कहां पर रखकर आने है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी 20 से अधिक बार हथियारों को इधर-उधर कर चुका है। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है आखिर विदेश से हथियारों को भेजने वाले और उन्हें लेने वाले कौन लोग है। पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।

अवैध हथियार के 68 मामले दर्ज, 110 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक रोहतक गौरव राजपुरोहित ने बताया कि अवैध हथियार रखने वालो के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत निंरतर कडी कार्यवाही की जा रही है। साल 2026 मे जनवरी माह से लेकर अब तक अवैध हथियार के 68 मामले दर्ज हो चुके है जिनमे 110 आरोपियो को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा अवैध हथियार सप्लाई करने वाले 35 आरोपियो को गिरफ्तार किया गया। आरोपियो से 121 देसी पिस्तौल, 3 रिवाल्वर, 1 विदेशी पिस्तौल व 514 रौंद बरामद किये गये।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

Share this story