सिरसा: प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच से योग को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिली: गंगवा
सिरसा, 06 जून (हि.स.)। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच और निरंतर प्रयासों के कारण योग को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान मिली है। आज पूरा विश्व भारतीय संस्कृति के इस अनमोल उपहार को अपना रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग की स्वीकार्यता इस बात का प्रमाण है कि यह संपूर्ण मानवता के कल्याण के लिए कितना आवश्यक है। मंत्री रणबीर सिंह शनिवार को सिरसा में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
रणबीर गंगवा ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में प्रदेश के सभी जिलों में व्यापक स्तर पर योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे न केवल स्वयं योग का हिस्सा बनें और योग से जुड़े, बल्कि अपने आस-पास के लोगों, मित्रों और परिवारजनों को भी योग करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि योग किसी एक विशेष दिन या तारीख पर करने का सीमित अभ्यास नहीं है, बल्कि इसे हमें अपनी दैनिक जीवनशैली का अनिवार्य हिस्सा बनाना होगा।
जब हर नागरिक इसे अपने जीवन में उतारेगा, तभी एक स्वस्थ समाज की नींव रखी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में व्यस्तता और तनाव के कारण इंसान कई बीमारियों से घिर रहा है। ऐसी स्थिति में योग ही एक मात्र ऐसा साधन है, जो व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक दोनों स्तरों पर पूरी तरह स्वस्थ रखता है। योग न केवल हमारे शरीर को ऊर्जावान और लचीला बनाता है, बल्कि यह हमारे मस्तिष्क को भी शांति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि अगर देश के नागरिक शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होंगे, तो हमारा देश भी प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा और स्वस्थ रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

