हिसार : मूंग की एमएच 1772 और एमएच 1142 किस्में 63 से 70 दिन में होंगी तैयार
हकृवि की मूंग की दो उन्नत किस्मों का देशभर में होगा विस्तार, निजी कंपनी
से समझौता
हिसार, 18 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (हकृवि) की ओर
से विकसित मूंग की उन्नत किस्मों के बीज अब देश के अधिक से अधिक किसानों तक पहुंच सकेंगे।
इस दिशा में विश्वविद्यालय ने निजी क्षेत्र की कंपनी मजेस्टिक इंपैक्स, गुवाहाटी के
साथ बुधवार काे समझौता ज्ञापन किया है। इसके तहत विश्वविद्यालय की मूंग की एमएच 1772 और एमएच
1142 किस्मों के गुणवत्तापूर्ण बीजों का उत्पादन एवं वितरण व्यापक स्तर पर किया जाएगा।
दोनों किस्में कम अवधि में पकने, अधिक उत्पादन क्षमता और विभिन्न रोगों के प्रति प्रतिरोधक
गुणों के कारण किसानों के लिए लाभकारी साबित हो सकती हैं।
कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने कहा कि विश्वविद्यालय जलवायु अनुकूल, अधिक उत्पादन
देने वाली और रोग प्रतिरोधी फसल किस्में विकसित करने के लिए निरंतर अनुसंधान एवं विकास
कार्य कर रहा है। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि वैज्ञानिकों द्वारा विकसित उन्नत किस्मों
का लाभ देशभर के किसानों तक पहुंचे। इसके लिए निजी बीज कंपनियों के साथ समझौते किए
जा रहे हैं, ताकि गुणवत्तापूर्ण बीजों का उत्पादन और वितरण बड़े स्तर पर सुनिश्चित
हो सके। उन्होंने बताया कि मूंग की एमएच 1772 और एमएच 1142 किस्में कम समय में पककर
तैयार होने के साथ अच्छी उत्पादन क्षमता और रोग प्रतिरोधक गुणों से युक्त हैं। कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज की उपस्थिति में विश्वविद्यालय की ओर से अनुसंधान
निदेशक डॉ. राजबीर गर्ग तथा कंपनी की ओर से एग्जीक्यूटिव मेंबर नीरज अग्रवाल ने समझौता
ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
अनुसंधान निदेशक डॉ. राजबीर गर्ग ने बताया कि मूंग की एमएच 1772 किस्म को उत्तर-पूर्वी
मैदानी क्षेत्र के उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और असम में खरीफ मौसम
के लिए अधिसूचित किया गया है। वहीं एमएच 1142 किस्म उत्तर-पश्चिमी एवं उत्तर-पूर्वी
मैदानी क्षेत्रों में खरीफ मौसम के लिए अधिसूचित है। दोनों किस्में 63 से 70 दिनों
में पककर तैयार हो जाती हैं। इनकी औसत उपज क्रमशः 13 और 12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर
है, जबकि अधिकतम संभावित उपज 22 और 20 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक है। उन्होंने बताया
कि दोनों किस्मों के पौधे बौने होने के कारण गिरने की समस्या कम रहती है और फलियां
चटककर बिखरने के प्रति भी प्रतिरोधी हैं। इनमें मूंगबीन पीला मोजेक विषाणु, वेब ब्लाइट,
उड़द पत्ती सिकुड़न विषाणु और पत्ती मरोड़ विषाणु के प्रति प्रतिरोधक क्षमता है। इसके
अलावा सर्कोस्पोरा पत्ती धब्बा, एन्थ्रेक्नोज, जड़ सड़न, जीवाणु पत्ती धब्बा और मैक्रोफोमिना
ब्लाइट रोगों के प्रति मध्यम स्तर की प्रतिरोधक क्षमता पाई गई है। सफेद मक्खी, थ्रिप्स,
फली के कीट और फली छेदक का प्रकोप भी पहले प्रचलित किस्मों की तुलना में कम पाया गया
है। इस अवसर पर ओएसडी डॉ. अतुल ढींगड़ा, कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. रमेश
गोयल, डॉ. एसके पाहुजा, डॉ. एसके तेहलान, मीडिया एडवाइजर डॉ. संदीप आर्य, डॉ. विरेन्द्र
मोर, डॉ. योगेश जिंदल, डॉ. अनुराग और डॉ. पवन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

