हांसी-हिसार रोड पर काटी जा रही कॉलोनी अवैध कालोनी पर चला पीला पंजा
जेसीबी की मदद से उखाड़ डाली सड़कें
हिसार, 24 मार्च (हि.स.)। हिसार जिला टाऊन प्लानिंग
विभाग की ओर से अवैध कॉलोनियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान विभाग के अधिकारियों
ने मंगलवार को हांसी में श्री ज्ञानानंद मिशन के समीप करीब पांच एकड़ में काटी जा रही
एक अवैध कॉलोनी में बनाई गई सड़कों को जेसीबी की मदद से उखाड़ दिया। इस कार्रवाई के
दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए काफी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया
गया था। विभाग की ओर से बिना परमिशन के इस एरिया में दोबारा से सड़क निर्माण या कालोनी
काटने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। डीटीपी ने बताया कि इसके अलावा हिसार स्थित
एक होटल व दिल्ली रोड़ पर अवैध निर्माण को गिराया गया है।
अवैध कॉलोनी पर पहले किया था नोटिस चस्पा
अवैध कालोनी में निर्मित सड़कों को उखाड़ने पहुंचें
डीटीपी दिनेश कुमार ने बताया कि जिला योजनाकार विभाग द्वारा इस कॉलोनी को पहले भी अवैध
घोषित कर यहां नोटिस दिया गया था। लेकिन कालोनी संचालकों द्वारा अवैध रूप से बनाई सड़कों
को हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया था। लेकिन संचालकों द्वारा अवैध निर्माण नहीं
हटाने पर विभाग द्वारा आज कॉलोनी में बनाई सड़कों को जेसीबी मशीन की मदद से उखाड़ दिया
गया। इस अवसर पर उन्होंने आमजन को प्लाट खरीदने व मकान निर्माण कार्य शुरू करने वालों
को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यह कॉलोनी पूरी तरह अवैध है और यहां किसी भी प्रकार से
किया निर्माण कार्य करना अवैध है।
वैध कॉलोनियों की सूची की पुष्टि कर लें
डीटीपी दिनेश कुमार ने आमजन से अपील करते हुए
कहा कि किसी भी अवैध कॉलोनी में निवेश करने से पहले नगर परिषद, तहसील कार्यालय या हिसार
में तोशाम रोड़ स्थित डीटीपी कार्यालय से वैध कॉलोनियों की सूची की पुष्टि अवश्य कर
लें। इससे आपकी गाढ़ी कमाई जोखिम में पड़ने से बचेगी। उल्लेखनीय है कि जिला योजनाकार
विभाग इससे पहले भी हांसी में कई अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई कर चुका है। आम जनता को
अवैध कॉलोनियों में जमीन खरीदने से बचाने के लिए कई स्थानों पर चेतावनी बोर्ड भी लगाए
गए थे। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से भविष्य में भी ऐसी अवैध कॉलोनियों के खिलाफ
सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

