जींद : ऑल इंडिया सर्विसेज योगा प्रतियोगिता में यशोदा ने जीते दो गोल्ड मेडल
जींद, 21 मार्च (हि.स.)। चंडीगढ़ में आयोजित हो रही ऑल इंडिया सर्विसेज योगासन प्रतियोगिता में जींद की कैमिस्ट्री प्राध्यापिका यशोदा ने ट्रेडिशनल और रिदमिक इवेंट में दो गोल्ड मेडल जीते हैं। यशोदा पिछले तीन साल से इस इवेंट में गोल्ड मेडल जीत रही हैं। प्रतियोगिता में हरियाणा की टीम ओवरऑल चैंपियन रही।
खेल विभाग द्वारा चंडीगढ़ के सेक्टर 23 में 17 से 21 मार्च तक टेबल टेनिस हाल में ऑल इंडिया सर्विसेज योगासन प्रतियोगिता पुरुष व महिला का आयोजन किया गया। इसमें देश भर के 250 से ज्यादा खिलाडिय़ों ने भाग लिया। हरियाणा के 36 खिलाडिय़ों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागिता की। जींद की कैमिस्ट्री टीचर यशोदा ने 40 से 50 आयु वर्ग में ट्रेडिशनल इवेंट में भाग लेते हुए गोल्ड मेडल जीता। इसके बाद रिदमिक पेयर 40 से 50 आयु वर्ग में गुरुग्राम की निधि और यशोदा का गोल्ड मेडल रहा। 50 से ज्यादा आयु वर्ग में जींद के शामलो कलां में प्रिंसीपल शिवनारायण शर्मा, बूढ़ाखेड़ा लाठर स्कूल से सोमदेव आर्य की जोड़ी ने भी रिदमिक पेयर में 50 से ज्यादा आयु वर्ग में गोल्ड मेडल प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के समापन खेल सचिव आईएएस प्रेरणा पुरी ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की और विजेताओं को सम्मानित किया। जींद के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में कैमिस्ट्री की प्राध्यापिका यशोदा आर्या ने शनिवार को बताया कि वो लगातार तीन साल से इस इवेंट में गोल्ड मेडल जीत रही हैं। इस बार उनकी हैट्रिक रही। यशोदा आर्या ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर उनके अब तक 12 मेडल हो चुके हैं, तो राज्य स्तर पर वह 40 से ज्यादा मेडल जीत चुकी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

