यमुनानगर:चोरी का आरोपी गिरफ्तार, डेढ तोले सोना बरामद

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:चोरी का आरोपी गिरफ्तार, डेढ तोले सोना बरामद


यमुनानगर, 13 अक्टूबर (हि.स.) यमुनानगर पुलिस ने सरोजनी कॉलोनी में मकान से सोने के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले में एक आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी से डेढ़ तोले सोना बरामद किया है। उसे अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, टीम प्रभारी रमन चंदेल ने बताया कि आरोपी की पहचान सिसौली निवासी अकरम के रूप में हुई है। वह फिलहाल उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में अपनी ससुराल में रह रहा था। पुलिस ने उसे अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर चोरी के मामले में पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, चोरी की वारदात 12 अगस्त को यमुनानगर की सरोजनी कॉलोनी में हुई थी। आरोपी पर एक बंद मकान से सोने के आभूषण और नकदी चोरी करने का आरोप है। वारदात के समय मकान मालिक का बेटा अस्पताल में भर्ती था और परिवार के सदस्य उससे मिलने गए हुए थे। इसी दौरान मकान बंद होने का फायदा उठाकर चोरी किए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान आरोपी से चोरी किए गए आभूषणों में से डेढ़ तोले सोना बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ पहले भी करीब एक दर्जन मामले दर्ज बताए गए हैं, जो अदालतों में विचाराधीन हैं। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760017 Articles

Share this story