यमुनानगर:पुलिस ने स्मैक के साथ युवक को गिरफ्तार किया
यमुनानगर, 16 नवंबर (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए यमुनानगर के गांव तुगलपुर के पास से एक युवक को 31 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रतापनगर निवासी अशोक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक गांव तुगलपुर के पास नशीला पदार्थ लेकर बिक्री करने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। नियमानुसार तलाशी के लिए मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट को बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 31 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि वह स्मैक कहां से लेकर आया था और इस मामले में नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

