यमुनानगर: तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से युवक की मौत, चालक फरार

WhatsApp Channel Join Now

यमुनानगर, 15 अक्टूबर (हि.स.) यमुनानगर जिले के जठलाना क्षेत्र में एमटी करहेड़ा चौक के नजदीक पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की मौत हो गई। मृतक की पहचान यमुनानगर निवासी 45 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। जठलाना थाना पुलिस ने मृतक के भाई त्रिलोचन सिंह की शिकायत पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता त्रिलोचन सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका भाई धर्मेंद्र सिंह वुंडा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के तौर पर काम करता था। वह रादौर, जठलाना सहित आसपास के क्षेत्रों में दवाइयों से संबंधित काम करता था। धर्मेंद्र अपनी बाइक से काम निपटाकर रादौर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान जठलाना पेट्रोल पंप के पास एमटी करहेड़ा चौक के नजदीक सामने से आ रहे डंपर ने उसकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से धर्मेंद्र सड़क पर गिर गया और उसे गंभीर चोटें आईं।

हादसे में उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को नाहनपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे और बाद में उसे यमुनानगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जठलाना थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि घायल होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची थी, लेकिन तब तक धर्मेंद्र की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को अस्पताल के शवगृह में रखवाया और डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761188 Articles

Share this story