यमुनानगर:निवेश के नाम पर युवक से 26.70 लाख की ठगी, मामला दर्ज
यमुनानगर, 14 अक्टूबर (हि.स.) यमुनानगर जिले के जगाधरी में निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 26.70 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर गांधी नगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में त्यागी गार्डन निवासी अंकित ने बताया कि कुरुक्षेत्र निवासी शुभम गुप्ता ने उसे बॉटब्रो नामक निवेश प्लेटफॉर्म में पैसा लगाने के लिए कहा था।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने खुद को प्लेटफॉर्म का अधिकृत एजेंट बताते हुए निवेश पर छह से सात प्रतिशत तक मुनाफा मिलने और मूल रकम सुरक्षित रहने का भरोसा दिलाया था। उसने यह भी कहा था कि वह लंबे समय से इसी काम से जुड़ा है। अंकित का आरोप है कि आरोपी की बातों पर विश्वास करके उसने 26 लाख 70 हजार रुपये निवेश कर दिए। शिकायतकर्ता के अनुसार, रकम अलग-अलग व्यक्तियों और फर्मों के बैंक खातों में स्थानांतरित कराई गई। इसके बाद प्लेटफॉर्म का डिजिटल डैशबोर्ड बंद हो गया और उसे न तो मुनाफा मिला और न ही मूल रकम वापस हुई। शिकायत में शुभम गुप्ता और बॉटब्रो से जुड़े लविष चौधरी सहित अन्य लोगों के नामों का उल्लेख किया गया है।
इसके अलावा 18 व्यक्तियों और फर्मों के बैंक खातों की जांच की मांग की गई है। इनमें नमन, कुशाग्र, कैप्टर मनी सॉल्यूशन, सनी आहूजा, भारत पाइप इंडस्ट्रीज, ममता सिंह, सीमा, कुशाग्र शर्मा, एमएनएम गुप्ता, राजेश शर्मा, सूरज कुमार, राजीव जोशी, अमूल्य कुमार, नीरू गुप्ता, गुरसेवक सिंह और विपिन सैनी सहित अन्य नाम शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बैंक खातों में हुए लेनदेन, निवेश प्लेटफॉर्म की वास्तविकता और मामले में नामजद लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

