यमुनानगर: घर से लाखों के आभूषण व नकदी चोरी

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर: घर से लाखों के आभूषण व नकदी चोरी


यमुनानगर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। यमुनानगर की गांधी नगर कॉलोनी में एक बंद मकान से सोने के आभूषण और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। परिवार के घर लौटने पर सामान बिखरा मिला और अलमारी टूटी हुई थी। शिकायत के आधार पर गांधी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता शशिकला के अनुसार, वह गत दिवस अपने पति रजनीश और छोटी बेटी स्नेहा के साथ उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले के जहांगीरगंज थाना क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव गई थी। उसकी मां की तबीयत खराब होने के कारण परिवार करीब छह दिन तक गांव में रहा।

वापस लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी टूटी हुई थी। शशिकला ने सामान की जांच की तो सोने के आभूषण और नकदी गायब मिली। शिकायत के अनुसार, चोरी हुए सामान में सोने के झुमकों का एक सेट, एक बड़ी और एक छोटी सोने की चेन, रजनीश की सोने की अंगूठी तथा शशिकला की सोने की अंगूठी शामिल हैं। आरोप है कि चोर बच्चों की गुल्लक तोड़कर उसमें रखी नकदी भी ले गए।

गुल्लक में करीब 25 हजार रुपये बताए गए हैं। आभूषणों की कीमत लाखों रुपये में बताई गई है। गांधी नगर थाना प्रभारी विशाल के अनुसार, शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर लिया गया है। अपराध जांच टीम को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया था। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आरोपितों की पहचान करने और चोरी हुए सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759917 Articles

Share this story