बजट में यमुनानगर को खेल, कृषि व स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में बड़ी सौगात:घनश्यामदास अरोड़ा
यमुनानगर, 03 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के बजट में यमुनानगर जिले के लिए बहुआयामी विकास की रूपरेखा सामने आई है। सत्तारूढ़ नेतृत्व ने इसे जनहित, आधारभूत संरचना विस्तार और दीर्घकालिक आर्थिक मजबूती पर केंद्रित बजट बताया है। यमुनानगर से विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने बजट का स्वागत करते हुए कहा कि इसमें युवाओं, किसानों और उद्योग जगत की अपेक्षाओं को समाहित किया गया है।
खेल क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और विशेष प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना से स्थानीय खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय अभ्यास का अवसर मिलेगा। इससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभाओं को तैयार करने में मदद मिलेगी। कृषि क्षेत्र के संदर्भ में विधायक ने कहा कि प्राकृतिक और जैविक खेती को प्रोत्साहन, फसल सुरक्षा योजनाओं का सुदृढ़ीकरण तथा कृषि ढांचे में सुधार जैसे प्रावधान किसानों की आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगे।
जिला स्तर पर जैविक उत्पादों के विपणन की व्यवस्था को उन्होंने किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया है। सिंचाई संसाधनों के विस्तार और ग्रामीण ढांचे में निवेश से कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यमुनानगर क्लस्टर के लिए घोषित वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजना को विधायक ने ऐतिहासिक पहल बताया। योजना के तहत 25 मेगावाट क्षमता के कुल पांच संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। इन संयंत्रों में शहरी ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक प्रसंस्करण कर उससे विद्युत उत्पादन किया जाएगा।
इससे कचरा प्रबंधन की समस्या में कमी आएगी, स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा और हरित ऊर्जा उत्पादन को गति मिलेगी। परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। विधायक अरोड़ा ने कहा कि यह बजट संतुलित, समावेशी और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो यमुनानगर के समग्र विकास को नई दिशा प्रदान करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

