यमुनानगर: तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक की मौत, दूसरा गंभीर

WhatsApp Channel Join Now


यमुनानगर, 21 अप्रैल (हि.स.) यमुनानगर के प्रतापनगर क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में सड़क किनारे खड़े दो युवकों को हिमाचल नंबर की एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान गांव बहादुरपुर निवासी तरुण के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। शिकायतकर्ता सतीश कुमार, जो प्रतापनगर स्थित एक निजी विद्यालय में प्रबंधक हैं, ने बताया कि वह अपने गांव लौटते समय मुख्य मार्ग से बहादुरपुर की ओर मुड़े। गांव के बाहर उन्होंने तरुण और गौरव को सड़क किनारे खड़ा देखा और बातचीत के लिए रुक गए। इसी दौरान मुख्य मार्ग की ओर से तेज गति से आ रही कार ने नियंत्रण खोते हुए दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक दूर जा गिरे। तरुण के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि गौरव को प्राथमिक उपचार के बाद पहले यमुनानगर और फिर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। घटना के बाद चालक कुछ दूरी पर वाहन रोककर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story