मुख्यमंत्री सैनी से मिलीं वर्ल्ड चैंपियन पहलवान मनीषा भनवाला

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री सैनी से मिलीं वर्ल्ड चैंपियन पहलवान मनीषा भनवाला


चंडीगढ़, 03 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मंगलवार को जींद जिले की अंतरराष्ट्रीय पहलवान एवं वर्ल्ड चैंपियन मनीषा भनवाला ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कजाकिस्तान में आयोजित सीनियर वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने पर मनीषा को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मनीषा की यह ऐतिहासिक उपलब्धि हरियाणा सहित पूरे देश के लिए गर्व और गौरव का विषय है। उन्होंने मनीषा को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया और हरसंभव सहयोग एवं समर्थन का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा की बेटियां खेलों के क्षेत्र में निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। इस मौके पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम, कोच मनदीप सिंह भी मौजूद रहे।

मनीषा भनवाला ने कजाकिस्तान में आयोजित सीनियर वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में 59 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता था।

मनीषा इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा और मेहनत का लोहा मनवा चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 2025 में जॉर्डन में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में 62 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया था। इसके अलावा इस वर्ष आयोजित वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।

मनीषा की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों का सिलसिला यहीं तक सीमित नहीं है। उन्होंने वर्ष 2022 की एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक, वर्ष 2023 में कांस्य पदक तथा वर्ष 2024 में पुन: कांस्य पदक जीतकर लगातार शानदार प्रदर्शन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771943 Articles

Share this story