पानीपत: विश्व पर्यावरण दिवस पर आर्य कॉलेज में लगाए पौधे

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: विश्व पर्यावरण दिवस पर आर्य कॉलेज में लगाए पौधे


पानीपत, 05 जून (हि.स.)। पानीपत में शुक्रवार को आर्य पी.जी. कॉलेज में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की एनएसएस इकाई द्वारा किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया जिसमें औषधीय एवं छायादार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली तथा हरित वातावरण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस मनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से मिशन लाइफ़ के सिद्धांतों को अपनाकर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि आर्य कन्या महाविद्यालय, शाहाबाद की एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कविता मेहता ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक आयोजन नहीं बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को याद दिलाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन को रोकने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, जल संरक्षण करने तथा एकल-उपयोग प्लास्टिक से बचने का संदेश दिया।

इस अवसर पर प्राध्यापक पंकज चौधरी ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने जन्मदिन एवं विशेष अवसरों पर पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली तथा अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतों को अपनाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story