फरीदाबाद की ग्लोबल सिटी में बनेगा विश्व स्तर का आइकॉनिक टावर

WhatsApp Channel Join Now

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों काे दिए योजना तैयार करने के निर्देश

चंडीगढ़, 12 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार द्वारा फरीदाबाद में विकसित की जा रही ग्लोबल सिटी के अंदर तीन माह में बिजली, पानी आदि मूलभूत योजनाएं पूरी करने के लिए विशेष कार्य योजना तैयार की जाए। इसके अलावा ग्लोबल सिटी में विश्व स्तर का आइकॉनिक टावर बनाने के लिए कार्य योजना तैयार की जाए। उन्होंने पिंजौर की हवाई पट्टी का विस्तार करने के लिए भी कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री बुधवार को चंडीगढ़ में राज्य प्रगति पोर्टल समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ग्लोबल सिटी के पूर्ण हो जाने के बाद इसमें मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सुलभ हो सकेंगे। इस 1000 एकड़ में विकसित की जा रही ग्लोबल सिटी में 1000 करोड़ रुपए की लागत से भौतिक प्रगति का 80 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। शेष कार्य आगामी दिसम्बर माह तक पूरा कर लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट एवं सुव्यवस्थित योजना पर आधारित विकसित की जा रही ग्लोबल सिटी में शिक्षण, स्वास्थ्य संस्थानों के अलावा मॉल, थिएटर, लग्जरी होटल, सामुदायिक केन्द्र, मेरिज पैलेस आदि बनाने के अलावा नमो भारत मैट्रो ट्रेन भी चलाई जाएगी। इसके अलावा विशेष वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तथा ग्रीन लेक भी बनाई जाएगी तथा इस सिटी को द्वारका एक्सप्रेस वे से जोड़ने का कार्य किया जाएगा ताकि आवागमन सुगम हो सके।

महेंद्रगढ़ के नांगल चौधरी के लॉजिस्टिक हब में 23 अगस्त से चलेगी ट्रेन

मुख्यमंत्री ने कहा कि नांगल चौधरी में एकीकृत बहु मॉडल लॉजिस्टिक हब परियोजना विकसित की गई है। इसमें बिजली, सिंचाई, सड़कें, बाहरी रेल साईडिंग, आंतरिक रेल यार्ड बनाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा आंतरिक इन मोशन वे ब्रिज भी स्थापित किया जा रहा है जो आगामी 6 माह में बनकर तैयार हो जाएगा। इस पर चलने वाली विशेष ट्रेन का मुख्यमंत्री 23 अगस्त को स्वागत करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिसार में बनाए जा रहे आईएमसी में व्यापक स्तर पर बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है। इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर में स्किल डेवलपमेंट सेंटर, कन्वेंशन सेंटर एवं एग्जीबिशन हॉल, लोजिस्टिक पार्क तथा मल्टी स्पेशलिस्ट होस्पीटल, डिफेंस एयरो स्पेस, एग्रो फूड प्रोसेसिंग यूनिट, गारमेंट टेक्सटाइल, उद्योग भी विकसित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आईएमसी में एयरपोर्ट के लिए वाटर सप्लाई, 220 केवी का बिजली घर बनाया जा रहा है। एयरपोर्ट की प्रथम चरण में 1578 एकड़ भूमि की चारदिवारी बनाने का कार्य भी जारी है। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरूण गुप्ता, आयुक्त एवं सचिव उद्योग एवं वाणिज्य डा. अमित अग्रवाल, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के आयुक्त एवं सचिव के मकरंद पांडुरंग, विशेष सचिव मोनिटरिंग एवं कोर्डिनेशन प्रियंका सोनी, एमडी एचएसआईडीसी सुशील सारवान, निदेशक पर्यटन विभाग पार्थ गुप्ता के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी भाग ले रहे थे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story