कैथल: मेडिकल कॉलेज की बेसमेंट में मिला मजदूर का शव

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 24 अक्टूबर (हि.स.)। कैथल में निर्माणाधीन भगवान परशुराम मेडिकल कॉलेज में एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ निवासी धर्मराज का शव शनिवार सुबह मेडिकल कॉलेज के अकेडमी ब्लॉक की बेसमेंट की सीढ़ियों में मिला। बताया जा रहा है कि सीढ़ियों से गिरने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी गीता के बयान के आधार पर इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है।

मृतक की पत्नी गीता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका पति धर्मराज पिछले करीब एक महीने से सांपली खेड़ी स्थित भगवान परशुराम मेडिकल कॉलेज में पेंट का काम कर रहा था। गीता के अनुसार, उसके भाई संजीव ने फोन पर बताया कि रात करीब 10 बजे सभी खाना खाकर सो गए थे। सुबह करीब 4 बजे धर्मराज शौच के लिए गया था और वापस आकर उनके पास बैठ गया। कुछ समय बाद वह वहां से चला गया।

सुबह उन्हें सूचना मिली कि अकेडमी ब्लॉक की बिल्डिंग की बेसमेंट की सीढ़ियों में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर जाकर देखा तो शव धर्मराज का था। परिजनों ने आशंका जताई कि सीढ़ियों से गिरने के कारण उसकी मौत हुई है।

सदर थाना एसएचओ कुलदीप देशवाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव को नागरिक अस्पताल पहुंचाकर पोस्टमॉर्टम करवाया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर पुलिस ने इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765944 Articles

Share this story