हिसार : गुजवि की शूटिंग कोच बिमला देवी ने राज्य स्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप में जीते दो स्वर्ण पदक
10 मीटर और 50 मीटर पिस्टल मास्टर्स महिला वर्ग में किया शानदार प्रदर्शन,
दोनों स्पर्धाओं में रहीं सर्वाधिक स्कोरर
हिसार, 10 अगस्त (हि.स.)। यहां के गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी
विश्वविद्यालय की शूटिंग कोच बिमला देवी ने 11वीं हरियाणा स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप-2026
में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। लगभग 53 वर्षीय बिमला देवी
ने मास्टर्स महिला वर्ग में 10 मीटर और 50 मीटर पिस्टल स्पर्धाओं में यह उपलब्धि हासिल
की।
यह चैंपियनशिप 2 से 12 जून तक डॉ. केएसएसआर तुगलकाबाद, नई दिल्ली में आयोजित
की गई थी। प्रतियोगिता में बिमला देवी ने 50 मीटर फ्री पिस्टल और 10 मीटर एयर पिस्टल
दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते। खास बात यह रही कि दोनों स्पर्धाओं में उन्होंने
मास्टर्स पुरुष एवं महिला वर्ग में सर्वाधिक स्कोर हासिल किया। बिमला देवी की इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना
जा रहा है। शूटिंग कोच के रूप में वे विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने
के साथ स्वयं भी प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। उनकी इस सफलता
ने यह साबित किया है कि उम्र खेल प्रतिभा और जुनून के सामने बाधा नहीं बनती। विश्वविद्यालय
परिवार ने बिमला देवी की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की
कामना की। उनकी सफलता से विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों और युवा निशानेबाजों को भी बेहतर
प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

