हिसार : 16वीं सीनियर नेशनल हॉकी चैंपियनशिप 2026 हरियाणा ने जीती

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : 16वीं सीनियर नेशनल हॉकी चैंपियनशिप 2026 हरियाणा ने जीती


कोच संदीप सांगवान के नेतृत्व में हरियाणा ने तीसरी बार जीता सीनियर नेशनल

खिताब

हिसार, 22 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा की पुरुष हॉकी टीम ने 16वीं हॉकी इंडिया

सीनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 2026 का फाइनल मुकाबला जीतकर इतिहास के पन्नों

में अपना नाम दर्ज करा लिया है। द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोच एवं हॉकी हरियाणा

के मुख्य कोच संदीप सांगवान के मार्गदर्शन में खेलते हुए हरियाणा ने खिताबी भिड़ंत

में मजबूत मध्य प्रदेश की टीम को 2-1 से करारी शिकस्त दी और चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने

नाम कर ली। कोच संदीप सांगवान के कार्यकाल में हरियाणा ने इससे पहले वर्ष 2011 और

2022 में भी यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया था। इस ऐतिहासिक जीत के बाद

पूरे प्रदेश में जश्न और गर्व का माहौल है।

रोमांचक फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश ने आक्रामक शुरुआत करते हुए मैच के

14वें मिनट में मोहम्मद जेद खान के शानदार फील्ड गोल की बदौलत 1-0 की बढ़त बना ली थी।

हालांकि, हरियाणा के खिलाड़ियों ने दबाव में मानसिक संतुलन खोने के बजाय शानदार वापसी

की और खेल का पासा पलट दिया। मैच के 21वें मिनट में नवराज सिंह ने बेहतरीन पेनल्टी

कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद मुकाबले के 50वें मिनट

में जोगिंदर सिंह ने एक और उम्दा पेनल्टी कॉर्नर पर निर्णायक गोल दागकर हरियाणा को

2-1 की बढ़त दिला दी। मैच के अंतिम क्षणों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने अनुशासित और

मजबूत रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन करते हुए अंतिम सीटी तक अपनी बढ़त को सुरक्षित रखा।

संदीप सांगवान के नेतृत्व में तीसरी राष्ट्रीय खिताबी सफलता

कोच संदीप सांगवान के लिए यह स्वर्णिम उपलब्धि बेहद खास है। उनके मार्गदर्शन

में हरियाणा ने 2011, 2022 और अब 2026 में सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप का खिताब

जीता है, जो उनकी लंबी कोचिंग यात्रा और खिलाड़ियों में विजेता की मानसिकता विकसित

करने की उनकी क्षमता का प्रमाण है। भारतीय हॉकी में उनके अमूल्य योगदान को देखते हुए

भारत सरकार उन्हें प्रतिष्ठित 'द्रोणाचार्य पुरस्कार (2024-25)' से सम्मानित कर चुकी

है। दो दशकों से अधिक के कोचिंग करियर में उन्होंने सैकड़ों राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय

स्तर के खिलाड़ी तैयार किए हैं। इसके अलावा, उनका एफआईएच लेवल-4 कोचिंग कोर्स पूरा

करना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी उच्चस्तरीय तकनीकी दक्षता को दर्शाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765012 Articles

Share this story