पानीपत: कूड़ा बीनने वाली महिलाओं ने दुकान से लाखों के उपकरण चुराए

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: कूड़ा बीनने वाली महिलाओं ने दुकान से लाखों के उपकरण चुराए


पानीपत, 22 फ़रवरी (हि.स.)। पानीपत की बिशन स्वरूप कॉलोनी स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान का ताला तोड़कर लाखों के उपकरण चोरी हो गए। चोर कोई ओर नहीं बल्कि सड़कों पर कूड़ा बिनने वाली महिलाएं निकली, जिनका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। पुलिस ने दुकान मालिक की शिकायत पर और मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर चोरी करने वाली महिला गिरोह की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में तहसील कैंप निवासी नरेश ने बताया कि उनकी बिशन स्वरूप कॉलोनी में 'नरेश इलेक्ट्रॉनिक्स' के नाम से दुकान है। वह बीती रात को दुकान बंद कर घर गए थे। सुबह पड़ोसी दुकानदार का फोन आया कि उनकी दुकान के ताले टूटे हुए हैं। जब नरेश मौके पर पहुंचे, तो शटर के ताले टूटे मिले, हालांकि शटर नीचे ही गिरा हुआ था।

दुकान के भीतर जाने पर नरेश ने देखा कि सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, तो पता चला कि आधी रात के बाद चार महिलाएं दुकान के पास आईं। उन्होंने पेशेवर तरीके से ताले तोड़े और दुकान के भीतर घुस गईं। पीड़ित नरेश के अनुसार, हुलिए से ये महिलाएं कूड़ा बीनने वाली लग रही हैं, जिन्होंने रेकी करने के बाद इस चोरी को अंजाम दिया।

नरेश के अनुसार, चोरों ने दुकान से कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान पर हाथ साफ किया है। प्रारंभिक जांच में करीब तीन लाख रुपए का सामान गायब मिला है। महिलाएं इतनी शातिर थीं कि उन्होंने सिर्फ 20 मिनट के भीतर दुकान के अंदर से कीमती सामान लेकर फरार हो गई। थाना शहर पुलिस ने शनिवार की रात को मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर महिलाओं के हुलिए के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story