झज्जर : महिला फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू, पांच राज्यों की 21 टीम ले रही हैं भाग

WhatsApp Channel Join Now
झज्जर : महिला फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू, पांच राज्यों की 21 टीम ले रही हैं भाग


झज्जर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। गांव नूना माजरा में दो दिवसीय पहली ओपन महिला फुटबॉल चैंपियनशिप का शनिवार को आगाज हो गया। शुरुआती मुकाबला दिल्ली की टीम ने जीता। पहले दिन कई रोमांचक मुकाबले हुए। रविवार को निर्णायक मुकाबले खेले जाएंगे।

महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन नूना माजरा गांव के शहीद राजेश स्टेडियम में समस्त ग्रामवासियों की ओर से किया गया है। सरपंच मास्टर जयभगवान की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रतियोगिता में दिल्ली, हरियाणा, यूपी, राजस्थान व पंजाब की 21 टीमों ने उपस्थिति दर्ज कराई है। झज्जर जिला फुटबॉल एसोसिएशन (डीएफए) के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक समिति चेयपर्सन रचिता जून ने शिरकत की। वहीं, हरियाणा ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष अनिल खत्री, सुरेश जून, एसआई बलवान सिंह, कमल सिंह यादव व प्रेम सिंह आदि अतिथियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

डीएफए सचिव सुरेश जून व अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। पहला मैच एचओपीएस दिल्ली व गर्वमेंट कॉलेज बादली की टीम के बीच खेला गया। शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली की टीम ने 2.0 के अंतर से जीतकर अपने सफर का आगाज किया। यूपी और रोहतक के बीच हुआ दूसरा मुकाबला यूपी ने पेनल्टी शूट में जीत लिया। इसके अलावा कई अन्य रोमांचक मुकाबले हुए, जिनका खेल प्रेमियों ने लुत्फ उठाया। कोच सुदर्शन, मनीषा जांगड़ा, सुनीता जून, रितु रानी, मुनेश कुमारी, शिवानी माछरौली व निशी की देखरेख में मुकाबले चल रहे हैं। मंगतराम, देवेंद्र जून, जयभगवान दरोगा, नरेंद्र प्रधान, शमशेर सिंह, दीपक जून सहित अन्य ग्रामीणों ने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने को प्रेरित किया। सेक्रेट्री सुरेश जून ने कहा कि बेटियों को खेलों के प्रति बढ़ावा देने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है। रविवार को निर्णायक मुकाबले होंगे। नगर परिषद चेयपर्सन सरोज राठी विजेता टीम को सम्मानित करेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज

Share this story