हरियाणा विधानसभा के ‘महिला युवा संवाद-2026’ में एंजल अहलावत का चयन

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा विधानसभा के ‘महिला युवा संवाद-2026’ में एंजल अहलावत का चयन


चंडीगढ़, 29 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा में 31 जुलाई को आयोजित होने वाले ‘महिला युवा संवाद-2026’ के लिए एंजल अहलावत का चयन किया गया है। बहु-स्तरीय चयन प्रक्रिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद उन्हें सत्तापक्ष का प्रतिनिधित्व सौंपा गया है, जहां वह ‘विकसित भारत-2047’ में महिला-नेतृत्व वाले विकास, लोकतांत्रिक भागीदारी और महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार रखेंगी।

राजधानी युवा संसद द्वारा हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में एंजल हरियाणा सहित देशभर से चयनित युवा प्रतिभागियों के साथ लोकतंत्र, सुशासन और महिला नेतृत्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा करेंगी।

चयन से पहले प्रतिभागियों को बहु-स्तरीय प्रक्रिया से गुजरना पड़ा, जिसमें उद्देश्य विवरण और व्यक्तिगत साक्षात्कार शामिल थे। सभी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद एंजल को इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए चुना गया।

एंजल अहलावत को कार्यक्रम में सत्तापक्ष (रूलिंग) का पोर्टफोलियो सौंपा गया है। वह विकसित भारत-2047 के निर्माण में महिला-नेतृत्व वाले विकास की भूमिका : ज़मीनी सशक्तिकरण से नेतृत्व तक विषय पर अपने विचार रखेंगी। अपने संबोधन में वह पानीपत से शुरू हुए ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का उल्लेख करते हुए महिला सशक्तिकरण, लोकतांत्रिक भागीदारी और नीति-निर्माण में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डालेंगी।

छात्र नेतृत्व में भी निभा चुकी हैं अहम भूमिका

एंजल अहलावत हरियाणा पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी एवं वर्तमान में सहायक पुलिस आयुक्त नरेश कुमार अहलावत तथा वरिष्ठ आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलका अहलावत की पुत्री हैं। उन्होंने कम आयु में ही यूनाइटेड किंगडम के यूनिवर्सिटी आफ सरेय में उच्च शिक्षा प्रारंभ की और छात्र नेतृत्व के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई। वह सरेय स्टूडेंट यूनियन में सोसायटिज चेयर तथा इंडियन नेशनल स्टूडेंट एसोसिएशन में उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर चुकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story