हिसार में कचरा उठाने पहुंची पुलिस टीम हड़ताली महिला कर्मचारियों ने पुलिस पर फेंका कचरा
मिलगेट रोड पर सड़क जाम की स्थिति, भारी पुलिस बल के बीच दूसरे दिन भी चला
सफाई अभियान
हिसार, 24 अगस्त (हि.स.)। शहर में जगह-जगह लगे कचरे के ढेर उठाने पहुंची नगर
निगम की टीम को सोमवार को हड़ताली कर्मचारियों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। मिलगेट
रोड पर नई सब्जी मंडी के सामने कचरा उठाने की कार्रवाई के दौरान हालात तनावपूर्ण हो
गए। हड़ताली कर्मचारी कार्रवाई रुकवाने के लिए बीच में अड़ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी
शुरू कर दी। सड़क जाम की स्थिति बनने पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों
को हटाना शुरू किया। इस दौरान महिलाओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों
पर कचरा फेंक दिया। मौके पर झड़प के बाद पुलिस ने करीब 40 लोगों को हिरासत में ले लिया।
नगर निगम प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दूसरे दिन भी शहर के विभिन्न
इलाकों से कूड़ा-कचरा उठाने का अभियान जारी रखा। मिलगेट रोड और दुर्गा कॉलोनी क्षेत्र
में हड़ताली कर्मचारियों ने कार्रवाई का विरोध किया। विरोध बढ़ने पर पुलिस ने कर्मचारियों
को पकड़कर बसों में बैठाना शुरू कर दिया। इसी दौरान महिलाओं के विरोध और कचरा फेंके
जाने से स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। हालांकि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के
बाद कचरा उठाने की कार्रवाई दोबारा शुरू करवा दी। सोमवार को प्रशासन की ओर से सेक्टर-16-17 कम्युनिटी सेंटर, सेक्टर-16-17 पुलिया,
पावर हाउस, सेक्टर-13 मार्केट के पीछे, मॉडल टाउन में एनडी गुप्ता अस्पताल के सामने,
सेंट्रल पार्क और पब्लिक हेल्थ कार्यालय के आसपास सफाई करवाई गई। इसके अलावा अर्बन
एस्टेट की दुर्गा कॉलोनी और मिलगेट रोड स्थित कैंची चौक के आसपास से भी कूड़ा-कचरा
उठाया गया।
निगमायुक्त सी. जयाश्रद्धा की अगुवाई और अतिरिक्त निगम आयुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा
की निगरानी में सफाई अभियान जारी है। अभियान में एक्सईएन अमित कौशिक, एक्सईएन जयवीर
डूडी, एमई अमित बेरवाल, एमई इलेक्ट्रिकल अनूप कुमार, सभी जेई और विभिन्न विभागों से
नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट शामिल रहे। उधर, नगर पालिका कर्मचारी संघ और अन्य कर्मचारी संगठनों ने सोमवार को कैबिनेट
मंत्री रणबीर गंगवा के आवास पर प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सर्व कर्मचारी
संघ हरियाणा के जिला प्रधान अशोक सैनी ने कहा कि नगर पालिका, नगर परिषद, नगर निगम और
दमकल विभाग के कर्मचारियों की 6 अगस्त से जारी प्रदेशव्यापी हड़ताल सरकार की वायदाखिलाफी
और लंबित मांगों की अनदेखी का परिणाम है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार हड़ताल समाप्त करवाने के लिए पुलिस कार्रवाई
और गिरफ्तारियों का सहारा लेने के बजाय संगठनों से बातचीत कर कर्मचारियों की जायज मांगों
का समाधान करे। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने की
बजाय आंदोलन को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कर्मचारी किसी भी सूरत में स्वीकार
नहीं करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

