सोनीपत: पीड़ित महिलाओं को एक छत के नीचे मिलेगी हर सहायता: निखिल मदान
सोनीपत, 20 अगस्त (हि.स.)। विधायक
निखिल मदान ने गुरुवार को महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित वन स्टॉप सेंटर,
सोनीपत का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि हिंसा से प्रभावित महिलाओं और बालिकाओं
को अब एक ही छत के नीचे चिकित्सा, पुलिस, कानूनी और मनोवैज्ञानिक सहायता के साथ अस्थायी
आश्रय की सुविधा मिल सकेगी।
विधायक
निखिल मदान ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और उन्हें समय पर सहायता
उपलब्ध करवाना समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन स्टॉप सेंटर का उद्देश्य
संकट में फंसी महिलाओं को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाकर एक ही स्थान
पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि
सेंटर पर आने वाली प्रत्येक महिला की समस्या संवेदनशीलता से सुनें और उसे जल्द प्रभावी
सहायता उपलब्ध करवाएं। ऐसे केंद्र महिलाओं को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकलने,
अपने अधिकारों की जानकारी हासिल करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने में मददगार साबित
होंगे।
जिला
कार्यक्रम अधिकारी प्रवीन कुमारी ने बताया कि सेंटर पर महिलाओं और बालिकाओं की समस्याएं
गोपनीयता, संवेदनशीलता और सम्मान के साथ सुनी जाएंगी। जरूरत के अनुसार संबंधित विभागों
से समन्वय कर सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग
का प्रयास है कि किसी महिला को कठिन परिस्थिति में अकेले संघर्ष न करना पड़े। सेंटर
में हिंसा से प्रभावित महिलाओं और बालिकाओं को चिकित्सीय सहायता, पुलिस सहायता, कानूनी
सहायता, मनोवैज्ञानिक परामर्श और अस्थायी आश्रय उपलब्ध करवाया जाएगा। इसका उद्देश्य
संकट की स्थिति में तत्काल सहयोग और सुरक्षित वातावरण देना है। वन स्टॉप
सेंटर की इंचार्ज अंशु जैन ने बताया कि जरूरत के अनुसार संबंधित विभागों के साथ समन्वय
कर सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। सेंटर में काउंसलर शिल्पी व समीक्षा, पैरामेडिकल स्टाफ
राजेश, पुलिस विभाग के कर्मचारी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभागीय
अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

