जींद : सफाई नहीं हाेने पर महिला पार्षद कीचड़ से भरी टोकरी लेकर पहुंची नपा कार्यालय

WhatsApp Channel Join Now
जींद : सफाई नहीं हाेने पर महिला पार्षद कीचड़ से भरी टोकरी लेकर पहुंची नपा कार्यालय


जींद, 08 जुलाई (हि.स.)। जुलाना कस्बे के वार्ड नंबर 10 में लंबे समय से सफाई व्यवस्था और जल निकासी की समस्या से परेशान लोगों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। वार्ड की महिला पार्षद पूजा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने कीचड़ से भरी टोकरी लेकर नगरपालिका कार्यालय पहुंच कर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने नगरपालिका प्रशासन और चेयरमैन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए वार्ड की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई। महिलाओं ने कीचड़ को नगरपालिका के मैन गेट पर डाल दिया और नारेबाजी की। वार्ड में लंबे समय से नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही है। निकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित होने के कारण गलियों में गंदा पानी जमा रहता है, जिससे पूरा क्षेत्र तालाब जैसा दिखाई देता है।

बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।

लोगों को घरों से निकलने में परेशानी होती है, जबकि बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।महिला पार्षद पूजा ने आरोप लगाया कि वार्ड में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और कई बार नगरपालिका अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सफाई और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ सकता है।

उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए चुना है लेकिन बार-बार मांग उठाने के बावजूद प्रशासन गंभीरता नहीं दिखा रहा है। महिलाओं ने कहा कि गंदगी और कीचड़ के कारण रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो गया है। कई गलियों में पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उनका कहना था कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे और बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story