यमुनानगर:महिला आरक्षण पर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा,लागू करने में देरी पर उठाए सवाल

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:महिला आरक्षण पर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा,लागू करने में देरी पर उठाए सवाल


यमुनानगर, 20 अप्रैल (हि.स.)। महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होती जा रही है। इसी क्रम में यमुनानगर में कांग्रेस नेताओं ने साेमवार काे प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार पर महिला आरक्षण कानून को लागू करने में अनावश्यक विलंब का आरोप लगाया है। कांग्रेस के यमुनानगर जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरुआत से ही महिला आरक्षण के पक्ष में रही है और संसद में भी इस विधेयक का समर्थन कर चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 2023 में प्रस्तुत ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को विपक्ष के समर्थन से दोनों सदनों में पारित किया गया था।

इसके बावजूद अब तक इसके क्रियान्वयन की दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के बीच यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि कांग्रेस इस कानून के विरोध में थी, जबकि वास्तविकता इसके विपरीत है। देवेंद्र सिंह के अनुसार सरकार ने हाल ही में अधिनियम को अधिसूचित तो कर दिया, लेकिन इसे लागू करने की प्रक्रिया अभी भी लंबित है। उन्होंने यह भी कहा कि महिला आरक्षण के साथ परिसीमन का मुद्दा जोड़कर स्थिति को जटिल बनाया जा रहा है। कांग्रेस का मत है कि मौजूदा लोकसभा सीटों पर ही इस प्रावधान को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाना चाहिए।

ग्रामीण अध्यक्ष नरपाल सिंह ने भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण की बात करने के बावजूद धरातल पर अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे। उन्होंने कहा कि यदि नीयत स्पष्ट होती तो कानून के अमल में देरी नहीं होती। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि महिला आरक्षण को बिना किसी शर्त के जल्द लागू किया जाए, ताकि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story