यमुनानगर:महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता को नई दिशा, राइड सर्विस से जुड़ेगा स्वरोजगार अभियान

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता को नई दिशा, राइड सर्विस से जुड़ेगा स्वरोजगार अभियान


यमुनानगर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। यमुनानगर जिला प्रशासन ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू करने की तैयारी की है। उपायुक्त प्रीति ने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों की महिलाओं को रोजगार से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। इसी उद्देश्य से सेवा विभाग द्वारा स्वरोजगार आधारित मॉडल पर कार्य किया जा रहा है, जिसके तहत महिलाओं को आधुनिक परिवहन सेवाओं से जोड़ा जाएगा।

उपायुक्त प्रीति ने मंगलवार काे बताया कि इस योजना के अंतर्गत बाइक टैक्सी और लॉजिस्टिक्स सेवाएं संचालित करने वाली कंपनी रैपिडो के साथ समझौता प्रस्तावित है। समझौते के बाद पात्र महिलाओं को कंपनी की सेवा में कैप्टन अथवा ड्राइवर के रूप में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रशासन का मानना है कि इससे महिलाओं को सम्मानजनक आय के अवसर मिलेंगे और वे आत्मनिर्भर जीवन की ओर अग्रसर होंगी। उपायुक्त ने बताया कि प्रारंभिक चरण में जिले से लगभग 30 इच्छुक महिला लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। इसके लिए पात्रता मानदंड निर्धारित किए गए हैं। आवेदन करने वाली महिला का हरियाणा की स्थायी निवासी होना आवश्यक है। आवेदिका की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वह अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्ग या आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से संबंधित हो। इसके साथ ही सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य रखा गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आवेदिका को स्व-हस्ताक्षरित सहमति पत्र देना होगा और वह किसी वित्तीय संस्था की घोषित डिफाल्टर नहीं होनी चाहिए। आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद ही अंतिम चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इच्छुक महिलाएं अपने सभी जरूरी दस्तावेज 20 फरवरी से 25 फरवरी 2026 के बीच जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय, शनि मंदिर के समीप, में जमा करवा सकती हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह पहल महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक व आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम साबित होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story