हिसार : मोठ माइनर में महिला का शव बरामद, नहीं हो पाई पहचान
हिसार, 21 फरवरी (हि.स.)। हांसी जिले के नारनौंद
में हांसी रोड स्थित मोठ माइनर में महिला का शव मिला है। राहगीरों की सूचना पर पुलिस
मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए हांसी के नागरिक
अस्पताल भिजवाया। महिला की पहचान नहीं हो पाई है।
नारनौंद से हांसी रोड पर स्थित मोठ माइनर के
पुल के नीचे शनिवार को एक महिला का शव फंसा हुआ दिखाई दिया। वहां से गुजर रहे लोगों
ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। नारनौंद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों
की मदद से शव को माइनर से बाहर निकलवाया।
प्रारंभिक जांच में महिला की उम्र लगभग 50
से 55 वर्ष के बीच बताई जा रही है। महिला के शरीर पर पहने गए गहने सुरक्षित मिले हैं,
जिनमें गले में सोने का लॉकेट, कानों में सोने की बालियां और नाक में तीली शामिल हैं।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। महिला के माथे पर गहरी चोट
का निशान पाया गया है, जिससे दुर्घटना या अन्य कारणों की संभावना से इनकार नहीं किया
जा सकता। इसके अतिरिक्त, महिला के दायं हाथ की छोटी उंगली और उसके साथ वाली उंगली कटी
हुई मिली हैं। पुलिस के अनुसार, ये उंगलियां काफी समय पहले से कटी हुई प्रतीत हो रही
हैं और यह कोई ताजा घटना नहीं लगती। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हांसी के नागरिक
अस्पताल भेजा है, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके। शव की पहचान के लिए
महिला का फोटो आसपास के थानों में भेजा जा रहा है और लापता व्यक्तियों के रिकॉर्ड भी
खंगाले जा रहे हैं।
थाना प्रभारी सदानंद ने बताया कि मामले की जांच
की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला आसपास के किसी गांव की है
या कहीं अन्य स्थान से यहां तक पहुंची है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

