पानीपत में यौन उत्पीड़न की शिकार महिला की पीजीआई रोहतक में मौत

WhatsApp Channel Join Now

सीटी स्कैन सेंटर में घटना का आरोप

परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

रोहतक, 18 अगस्त (हि.स.)। पानीपत के जिला नागरिक अस्पताल में यौन उत्पीड़न का शिकार हुई महिला की पीजीआई राेहतक में उपचार के दाैरान मंगलवार की सुबह माैत हाे गई। महिला को सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद रोहतक पीजीआई लाया गया था, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था। तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।

बताया जा रहा है कि घटना पानीपत सिविल अस्पताल के सीटी स्कैन सेंटर में हुई। परिजनों का आरोप है कि जांच के दौरान अस्पताल से जुड़े एक कर्मचारी ने महिला के साथ आपत्तिजनक हरकत की तथा उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। आरोप है कि महिला को कुछ समय के लिए कमरे में बंद भी रखा गया। घटना के बाद महिला की हालत बिगड़ गई और परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

परिजनों की शिकायत के आधार पर पानीपत शहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान पानीपत निवासी राकेश के रूप में हुई है। वह सीटी स्कैन सेंटर में कार्य से जुड़ा था। घटना के बाद महिला की तबीयत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए पीजीआई रोहतक रेफर किया था। यहां उपचार के दौरान मंगलवार सुबह करीब छह बजे महिला ने दम तोड़ दिया।

महिला की मौत के बाद मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस अब घटना के आरोपों के साथ-साथ मौत के कारणों की भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट से मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

Share this story