कैथल में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान
कैथल, 05 नवंबर (हि.स.)। जिले के गांव ककहेड़ी में करीब 32 वर्षीय विवाहिता ने अपने कमरे में पंखे से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के मायके पक्ष ने उसके ससुर और चार ननदों पर प्रताड़ित करने तथा आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में मृतका के चाचा की शिकायत पर सीवन थाना पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव कुलवेड़ी, जिला करनाल निवासी जगतार सिंह ने बताया कि उसकी भतीजी किरण की शादी करीब 15 साल पहले गांव ककहेड़ी में हुई थी। शादी के कुछ साल बाद एक सड़क हादसे में किरण के पति की मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी सास का भी निधन हो गया। किरण अपने ससुर लखविंदर और चार ननदों के साथ रह रही थी। उसके एक बेटा और एक बेटी हैं।
प्रताड़ित करने का लगाया आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, किरण का ससुर और ननदें उसके साथ बार-बार मारपीट करते थे। उससे घर का पूरा काम करवाया जाता था और उसे अपशब्द भी कहे जाते थे। आरोप है कि लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर किरण ने अपने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। मृतका के चाचा ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
सीवन थाना के जांच अधिकारी जगबीर सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस को शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

