कैथल: बाइक सवार को बचाने के चक्कर में पलटी कार, महिला की मौत, पति व दो बेटे घायल
कैथल, 18 नवंबर (हि.स.)।
नेशनल हाईवे 152डी पर गांव खरक पांडवा के पास सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के चक्कर में एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई।
हादसे में कार सवार करीब 42 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और दो बेटे घायल हो गए। हादसा मंगलवार देर रात हुआ।
घटना की सूचना मिलने पर कलायत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को कैथल नागरिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान दिल्ली के तिलकनगर निवासी भारती अलावादी के रूप में हुई है।
कलायत थाने से मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी सुखदेव सिंह ने बताया कि महिला अपने परिवार के साथ दिल्ली के तिलकनगर से कार में सवार होकर लुधियाना जा रही थी। नेशनल हाईवे 152 डी पर गांव खरक पांडवा के पास अचानक उनकी कार के सामने एक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार चालक नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
हादसे में भारती अलावादी की मौत हो गई, जबकि उनके पति गौरव अलावादी और बेटे नेवान व सोहम घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में उपचार दिलवाया गया।
अज्ञात बाइक सवार पर केस दर्ज
जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने घायल गौरव अलावादी के बयान पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

