नूंह: दो बच्चों के साथ कुएं में कूदी महिला, दोनों मासूमों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
नूंह: दो बच्चों के साथ कुएं में कूदी महिला, दोनों मासूमों की मौत


नूंह, 06 सितंबर (हि.स.)। नूंह जिले के नगीना गांव में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। करीब 30 वर्षीय महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। हादसे में दोनों बच्चों की मौत हो गई, जबकि महिला को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, नगीना गांव निवासी आसिक की पत्नी समरीन ने अपने दो वर्षीय बेटे अजलान और चार वर्षीय बेटी समायरा के साथ कुएं में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों ने प्रयास कर तीनों को कुएं से बाहर निकाला। तब तक दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी, जबकि समरीन को जीवित बाहर निकाल लिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए अल-आफिया अस्पताल, मांडीखेड़ा की मोर्चरी में रखवा दिया है।

दो मासूम बच्चों की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद गांव में भी मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीण इस घटना से स्तब्ध हैं।

देर शाम तक मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई थी। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story